
लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद में अंदरूनी घमासान तेज होता जा रहा है। पार्टी में जारी विवाद के बाद शुक्रवार को तेज प्रताप यादव राबड़ी देवी के आवास पर मिलने पहुंचे थे। वे कुछ देर बाद ही गुस्से से तमतमाते हुए बाहर आए और कहा कि संजय यादव ने उन्हें तेजस्वी से बात करने से रोका। वह हम दोनों भाइयों की बातचीत में बाधा डाल रहे हैं। तेज प्रताप ने अब जनता दरबार लगाने की घोषणा की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजद अब तेज प्रताप के खिलाफ कार्रवाई पर विचार कर रहा है।
तेज प्रताप यादव इन दिनों पार्टी नेताओं पर ही हमले बोल रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने आरोप लगाया कि संजय यादव अनुज तेजस्वी यादव से मेरी बातचीत में खलल डाल रहे हैंं। उन्होंने संजय यादव को प्रवासी सलाहकार बताते हुए कहा कि जो हरियाणा में सरपंच तक नहीं बनवा सकता, वह तेजस्वी को क्या खाक मुख्यमंत्री बनवाएगा। बता दें, संजय यादव बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के राजनीतिक सलाहकार हैं। गुरुवार को तेज प्रताप ने पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पर हमला बोला था।