लखनऊ। कांग्रेस के बाद समाजवादी पार्टी ने भी लोकसभा चुनाव के लिए आज अपने आधा दर्जन प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। इनमें समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव भी हैं।
समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव के लोकसभा चुनाव लडऩे के लेकर लग रहे कयास पर आज विराम लग गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने आज पार्टी के छह प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी की। सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए आज छह प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है। इस पहली सूची में मुलायम सिंह यादव का नाम तो है, लेकिन पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम नहीं है।
मुलायम सिंह यादव अपनी पुरानी लोकसभा सीट मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। फिलहाल वह आजमगढ़ से सांसद हैं। मुलायम सिंह यादव के अलावा धर्मेंद्र यादव को बदायूं, अक्षय यादव को फीरोजाबाद, कमलेश कठेरिया को इटावा (सुरक्षित), भाईलाल कोल को राबटर्सगंज (सुरक्षित), तथा शब्बीर वाल्मिकी को बहराइच (सुरक्षित) से प्रत्याशी बनाया गया है।
